देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी पर ब्रेक लगा है और यहां आज व कल फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। दोपहर के बाद बादल घने होंगे और तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 3 और 4 मई के लिए आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 4 मई को हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में सोमवार और मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी इसी तरह का अलर्ट जारी किया गया है।












