दिल्ली पुलिस ईद-उल-अज़हा से पहले हाई अलर्ट पर है और सभी जिलों, विशेषकर संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने गश्त तेज़ कर दी है और फ्लैग मार्च निकाले गए हैं तथा कुर्बानी के वीडियो के प्रसार या सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाली किसी भी भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया मंचों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अतिरिक्त बलों सहित पुलिस कर्मियों को अहम स्थानों पर तैनात किया गया है, जबकि जिला इकाइयों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने और सामुदायिक नेताओं और मस्जिद समितियों के साथ समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “विशेष टीमें सोशल मीडिया मंच पर नजर रख रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाहें, भड़काऊ संदेश या कुर्बानी के वीडियो ऑनलाइन अपलोड या प्रसारित न हों। सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












