बिहार के सीवान जिले में पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना बड़हरिया प्रखंड क्षेत्र के अलमापुर गांव की है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक, अलमापुर गांव स्थित एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में मकान में रखे अन्य पटाखे भी आ गए, जिसके बाद लगातार विस्फोट होने लगे।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, धमाकों की आवाज करीब दो घंटे तक रह-रहकर सुनाई देती रही। शुरुआती जानकारी में लगभग 20 से 25 मिनट तक लगातार धमाके होने की बात भी सामने आई है। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का अगला हिस्सा ढह गया और मलबा सड़क पर बिखर गया।












