लेह में पिछले हफ्ते हुई हिंसक झड़पों के बाद लगाए गए कर्फ्यू में प्रशासन ने आज राहत देने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक यानी चार घंटे के लिए प्रतिबंधों में ढील दी गई है। इस दौरान दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि सोमवार को शाम 4 बजे से 6 बजे तक 2 घंटे के लिए कर्फ्यू में आंशिक राहत दी गई थी। यह फैसला उन चार लोगों के अंतिम संस्कार के बाद लिया गया था, जिनकी मौत 24 सितंबर को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों में हो गई थी। मृतकों में एक सेवानिवृत्त सेना कर्मी भी शामिल थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और दिनभर की स्थिति को देखते हुए आगे भी कर्फ्यू में और ढील देने पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्राथमिक मकसद शांति और सामान्य स्थिति बहाल करना है।