विजयवाड़ा:आंध्र प्रदेश में शनिवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें से पांच लोगों की मौत विजयवाड़ा में भूस्खलन के कारण हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विजयवाड़ा के नगर आयुक्त एचएम ध्यानचंद्र ने बताया कि मोगलराजपुरम में भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। ध्यानचंद्र ने कहा,‘‘भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हुई है। यह संख्या और भी बढ़ सकती है।’’ उन्होंने कहा कि रविवार सुबह मलबा हटाने का काम फिर से शुरू किया जाएगा।
नगर आयुक्त के अनुसार, भारी बारिश के कारण मोगलराजपुरम में एक स्थान पर भूस्खलन हुआ और दो घरों पर चट्टानें गिर गईं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भूस्खलन पीड़ितों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से लोगों को दूर भेजने का निर्देश दिया क्योंकि अगले दो-तीन दिनों में भारी बारिश होने का अनुमान है। गुंटूर जिले के पेदाकाकानी गांव में, उफनती जलधारा को पार करते समय एक कार के बह जाने के कारण उसमें सवार एक शिक्षक और दो छात्रों की मौत हो गई, जो अपने घर लौट रहे थे।
गुंटूर जिले के पुलिस अधीक्षक एस. सतीश ने बताया, “घटना दोपहर 12:30 बजे के आसपास हुई। बारिश के कारण कक्षाएं निलंबित होने के बाद, शिक्षक दो छात्रों के साथ स्कूल से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव के लिए रवाना हुए तभी धारा को पार करते समय उनकी कार बह गई।” उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों शव बरामद कर लिये हैं।