मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। पूर्वी इंफाल के खमेनलोक इलाके में हुई ताजा हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई है और 10 लोग घायल हो गए। यह जानकारी इंफाल पूर्व के एसपी शिवकांत सिंह ने दी है। बताया जा रहा है कि उग्रवादियों की ओर से अचानक की गई गोलीबारी में इन लोगों की जान चली गई। खबरों के मुताबिक, इस दौरान शरारती तत्वों ने खमेनलोक गांव के कई घरों में भी आग लगा दी। तामेंगलोंग जिले के गोबाजंग में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वाले 9 लोगों में एक महिला भी शामिल है। वहीं घायलों में से कई लोगों को इंफाल में इलाज के लिए ले जाया गया है। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले ही कर्फ्यू में ढील दी गई थी। ताजा हिंसा से मणिपुर में शांति की कोशिशों को एक बड़ा झटका लगा है। एक महीने से ज्यादा समय से हिंसाग्रस्त मणिपुर में लगातार शांति की कोशिशें की जा रही हैं, जो कि अब तक नाकाम साबित हुई हैं। मैतेई और कुकी समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर झड़प के बाद से राज्य में हिंसा शुरू हुई थी।