सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने दोनों की जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने साफ किया कि अंतरिम जमानत पर कोई फैसला लेने से पहले पुलिस का पक्ष सुना जाएगा।
बुधवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। दोनों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत से अंतरिम जमानत की मांग पर जल्द विचार करने का अनुरोध किया था। हालांकि, कोर्ट ने इस स्तर पर राहत देने के बजाय दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर उसका जवाब मांगा है।
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि इस मामले में एक अहम कानूनी सवाल पर पहले विचार करना जरूरी है। अदालत ने निर्देश दिया कि यह मामला तीन जजों की पीठ के सामने रखा जाए।
मुख्य सवाल यह है कि क्या UAPA जैसे सख्त कानून के तहत दर्ज मामलों में मुकदमे की सुनवाई में होने वाली देरी जमानत देने का आधार बन सकती है। सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, इस कानूनी मुद्दे पर बड़ी पीठ का फैसला आने के बाद ही दोनों की जमानत याचिकाओं पर आगे विचार किया जाएगा।













