कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के गठबंधन को ‘‘मजबूरी का गठबंधन’’ बताते हुए इसे राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण करार दिया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में इसे नकार देगी।
पायलट ने सवाल किया कि लगभग छह साल पहले तीन कृषि कानूनों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ा था, उसके बाद से अब क्या बदल गया है?
उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘शिअद तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग हुआ था। किसानों ने महीनों तक विरोध प्रदर्शन किया और कई लोगों की जान चली गई। क्या अब भाजपा ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कोई कानूनी गारंटी दे दी है? क्या पंजाब को कोई विशेष आर्थिक पैकेज मिला है?













