कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन हुआ है और शनिवार को उनका अंतिम संस्कार है। ऐसे में प्रधानमंत्री को अपना दौरा रद्द कर देना चाहिए था। यदि कार्यक्रम जरूरी था तो उसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जा सकता था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं दुखी हूं। आज ही हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री की माताजी का देहांत हुआ है। अखबारों में जो कार्यक्रम पढ़ने को मिला है, उसके अनुसार आज उन्हें मुखाग्नि दी जा रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री की माताजी की चिता जल रही होगी और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री उत्साह और हर्ष के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे बचना चाहिए था। प्रधानमंत्री को आज का दौरा रद्द कर देना चाहिए था। अगर कार्यक्रम करना ही था तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कर सकते थे।












