पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-625 को बुधवार को खराब मौसम के बीच मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान के दौरान विमान पर बिजली गिरी। इसके बाद लैंडिंग के दौरान ओलावृष्टि भी हुई, जिससे विमान के अगले हिस्से में लगे रेडोम को नुकसान पहुंचा। हालांकि विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। घटना के बाद DGCA ने जांच शुरू कर दी है।
विमान में 104 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। खास बात यह है कि विमान अपने तय समय से आठ मिनट पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। लैंडिंग के बाद विमान को आगे की उड़ानों के लिए रोक दिया गया है।
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, 7 अक्टूबर को पटना से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6E-625 को रास्ते में खराब मौसम का सामना करना पड़ा। इसी दौरान विमान 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान उस पर बिजली गिरी।
लखनऊ में लैंडिंग के दौरान विमान को ओलावृष्टि का भी सामना करना पड़ा। इससे विमान के अगले हिस्से में लगा रेडोम क्षतिग्रस्त हो गया। रेडोम विमान के अगले हिस्से में लगा कवर होता है। इसके बावजूद विमान सुरक्षित तरीके से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतर गया।













