हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित बताए जा रहे दो संदिग्धों को मार गिराया। मृतकों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में बताई जा रही है। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। कार्रवाई शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई।
घटना से पहले शामली के डीएम आलोक यादव और एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मृतक अंकित बालियान के पिता सतवीर सिंह और अन्य परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।बताया जा रहा है कि इससे पहले परिवार ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की थी और पुलिस को चार दिन का समय दिया था।
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी थाना प्रभारियों, ASP और दोनों CO स्तर के अधिकारियों को जांच में लगाया गया था। पुलिस ने रात से सुबह छह बजे तक जिले में विशेष नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाने की योजना बनाई थी।
एसपी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे हिजाना थाने के SHO वीरेंद्र कसाना स्टेशन के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उस पर मौजूद दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी पर गोली लगी। इसके बाद वायरलेस के जरिए सभी टीमों को संदिग्ध बाइक के बारे में सूचना दी गई। बाइक सवार कैराना की ओर भाग निकले।













