कांग्रेस ने हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने सोमवार को कहा कि बीजेपी की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ी जाएगी।
बता दें कि, उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के आयोजन स्थल पर ‘शुद्धीकरण’ को लेकर राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी के सिलसिले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड में प्राथमिकी दर्ज होने से राहुल गांधी और उनकी पार्टी डरने वाले नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा।
उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कथित ‘शुद्धीकरण’ के मामले को लेकर की गई ‘विवादित टिप्पणी’ के सिलसिले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि हल्द्वानी के जवाहर नगर निवासी अमित कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाल्मीकि समुदाय से ताल्लुक रखने वाले अमित कुमार ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ से जुड़े हुए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल पर हुए एक धार्मिक अनुष्ठान को जातिगत रंग दिया।













