देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 जुलाई को देश के 16 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में अगर आप कहीं यात्रा की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले अपने राज्य का मौसम अपडेट जरूर देख लें।
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके प्रभाव से अगले 5 से 6 दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ अन्य इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। वहीं 2 से 5 जुलाई के दौरान दक्षिण गुजरात और कोंकण, 2 से 4 जुलाई के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ, 3 और 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा तथा 3 से 5 जुलाई के दौरान मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।












