अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए “मेमोरैंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग” (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने AFP को बताया कि जी-7 समिट के बाद, ट्रंप ने वर्साय के महल में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ डिनर के दौरान इस पर हस्ताक्षर किए। समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा कि इस दस्तावेज़ को “राष्ट्रपतियों के हस्ताक्षर के साथ अंतिम रूप दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार, 14 जून को अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेरी गालीबाफ ने मेमो पर ट्रंप की मौजूदगी में डिजिटल रूप से इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बार-बार इस बात से इनकार करते रहे हैं कि अमेरिका किसी डील के तहत ईरान को पैसे भेज रहा है, उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान फ्रीज़ की गई ईरान की संपत्ति उसे वापस कर दी जानी चाहिए। ट्रंप ने कहा, “यह हमारा पैसा नहीं है, यह उनका पैसा है और हमने इसे फ्रीज़ किया था।” उन्होंने आगे कहा कि, “मुझे लगता है कि किसी न किसी समय हमें इसे वापस करना ही होगा।” ट्रंप ने कहा कि उन्होंने फ्रीज़ की गई संपत्ति को अमेरिका के पास रखने के बारे में सोचा था, लेकिन इससे अमेरिकी डॉलर की मज़बूती पर बुरा असर पड़ता। जी-7 समिट के आखिर में उन्होंने कहा, “अगर हम इसे वापस नहीं करते, तो कोई भी कभी डॉलर में निवेश नहीं करता।












