शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी चुनाव हार ही नहीं सकती हैं। भवानीपुर में उनका हारना कई सवाल खड़े करता है। जरूर कुछ न कुछ गड़बड़ हुई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह ममता बनर्जी हारी हैं, उसमें कहीं न कहीं साजिश की बू आती है।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि जिस तरह से पश्चिम बंगाल में एक साथ 4 हजार ईवीएम जलकर खाक हो गए। उससे कई तरह के सवाल खड़े होते हैं। प्रशासन को लेकर इस पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। इतना ही नहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह ईवीएम संदिग्ध बताए गए थे। इसके बाद साजिशन इसे जिस तरह से जलाकर खाक कर दिया गया है, उससे कई तरह के सवालों का उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि अब इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट कहां पर है? चुनाव आयोग कहां पर है? आपको यह समझना होगा कि ये बहुत ही गंभीर मामले हैं। ऐसी स्थिति में सभी संबंधित पक्षकारों को सामने आकर इसकी पूरी वस्तुस्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और यह बताना चाहिए कि आखिर ईवीएम किन वजहों से जलकर खाक हुईं? ध्यान देने वाली बात है कि इन सभी ईवीएम का इस्तेमाल हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में हुआ था, इसके बाद अब यह जलकर खाक हो गए, आखिर माजरा क्या है? पूरी तस्वीर साफ होनी चाहिए।











