करीब साढ़े तीन महीने तक चले संघर्ष और लगातार तनाव के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता पूरा होने का दावा किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (14 जून) को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच समझौता अब अंतिम रूप ले चुका है। इसके साथ ही दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल हटाने का भी ऐलान किया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट करते हुए कहा, “ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। सभी को बधाई।” उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी टैक्स के पूरी तरह खोला जा रहा है और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को भी तत्काल प्रभाव से हटाने की अनुमति दी जा रही है। ट्रंप ने अपने संदेश में दुनियाभर के जहाजों से फिर से आवाजाही शुरू करने और तेल की आपूर्ति बहाल होने की बात कही।
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल व्यापार का एक अहम मार्ग माना जाता है। ऐसे में इसके खुलने से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े दबाव के कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।












