बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में लगी आग की त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को एक और मरीज की मौत हो जाने के बाद बढ़कर सात हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इसके साथ ही उस निजी अस्पताल का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है, जहां आईसीयू वार्ड में आग लगने के बाद दम घुटने से मरीजों की मौत हो गई थी।
बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण आईसीयू में धुआं भर जाने से पांच मरीजों की मौत हो गई थी। आरोप है कि घटना के दौरान अस्पताल कर्मी मरीजों को असहाय छोड़कर भाग गए। एक अन्य व्यक्ति की शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
मुजफ्फरपुर जिले के एक अधिकारी ने बताया कि आईसीयू से बचाए गए अंजनी कुमार सिंह नामक व्यक्ति की शनिवार को मृत्यु हो गई। सिंह मुजफ्फरपुर जिले के पर्री गांव के निवासी थे।













