भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों में पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने और अलग अलग स्थानों पर आंधी, आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की शुक्रवार को चेतावनी दी।
लखनऊ स्थित मौसम केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि इन दोनों ही क्षेत्रों में 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। विभाग ने कहा कि वहीं, शुक्रवार को अलग अलग स्थानों पर भारी बारिश और मूसलाधार बारिश की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और भारी बारिश से आम जीवन प्रभावित हुआ है। सहारनपुर में शुक्रवार की सुबह भारी बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों से जल का भारी प्रवाह देखने को मिला है।













