अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव पर ईरान की तीखी प्रतिक्रिया ने दोनों देशों के रिश्तों में नई तल्खी पैदा कर दी है। तेहरान ने साफ शब्दों में कहा है कि अमेरिका का प्रस्ताव किसी समझौते से ज्यादा “ट्रंप के लालच के आगे ईरान के आत्मसमर्पण” जैसा था। वहीं, ट्रंप ने भी ईरान के जवाब को “पूरी तरह अस्वीकार्य” करार देते हुए नाराजगी जताई है।
ईरान के सरकारी मीडिया संस्थान IRIB ने बयान जारी कर अमेरिकी योजना पर कड़ा हमला बोला। बयान में कहा गया कि तेहरान की प्रतिक्रिया “ईरानी राष्ट्र के मौलिक अधिकारों” की रक्षा के लिए दी गई है। ईरान का मानना है कि ट्रंप का शांति प्रस्ताव पूरी तरह एकतरफा था और इससे उसकी संप्रभुता को नुकसान पहुंचता।
IRIB ने यह भी कहा कि ईरान किसी भी कीमत पर अमेरिका को खुश करने के लिए प्रस्ताव तैयार नहीं करता। बयान में साफ कहा गया, “अगर ट्रंप हमारे जवाब से खुश नहीं हैं, तो यह अच्छा है।” ईरान की ओर से यह संदेश ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव लगातार गहराता जा रहा है।












