अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम तथा शांति समझौते की घोषणा के बाद ईरान की सेना ने अपनी भूमिका को लेकर बड़ा दावा किया है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में ईरानी सैन्य मुख्यालय ने कहा कि युद्ध के दौरान उसकी सेनाओं ने अमेरिका और इस्राइल पर दबाव बनाया और उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया।
सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित बयान के अनुसार, ईरानी बलों ने अपनी सैन्य ताकत, रणनीतिक क्षमता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। सेना का दावा है कि उसके अभियानों के कारण विरोधी पक्षों के सामने संघर्ष समाप्त करने और हार स्वीकार करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा। यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब दोनों पक्षों के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौते की घोषणा की जा चुकी है।













