हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली परिसर के शौचालय में एक युवक ने फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि इस मामले में कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, चंदपा थाना क्षेत्र की एक 16 साल की नाबालिग किशोरी 15 अप्रैल को लापता हो गई थी। आरोप है कि गाजियाबाद के लोनी का निवासी चंद्रपाल (28) उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में किशोरी के पिता ने 18 अप्रैल को चंदपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी।










