महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके की एक आवासीय सोसाइटी में बकरीद से पहले कथित तौर पर अस्थायी शेड बनाने और कुर्बानी के बकरों को बांधने को लेकर उपजे विवाद के कारण तनाव पैदा हो गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद रविवार को मीरा रोड के पास पूनम क्लस्टर क्षेत्र में स्थित ‘सृष्टि कॉम्प्लेक्स’ में तब शुरू हुआ, जब कुछ निवासियों और हिंदू संगठनों ने आवासीय कॉम्प्लेक्स परिसर में कुर्बानी के बकरों के लिए शेड बनाने पर आपत्ति जताई।
विरोध प्रदर्शनों के बाद इस अस्थायी ढांचे को हटा दिया गया, लेकिन मुस्लिम समुदाय के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर विरोध में एकत्र होने और काशीमीरा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद तनाव और बढ़ गया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए हस्तक्षेप किया, लेकिन बाद में रात में कथित तौर पर हाथापाई हो गई।
सोमवार दोपहर को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब विरोध कर रहे निवासी सोसाइटी के गेट पर एकत्र हो गए, नारेबाजी की, हनुमान चालीसा का पाठ किया और परिसर के भीतर एक सुअर लाने का प्रयास किया। इस बीच, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि परिसर में बकरों को कथित तौर पर वापस लाए जाने के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता कॉम्प्लेक्स पहुंचे और हंगाना किया गया।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मीरा-भायंदर के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है।काशीमीरा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और आवासीय कॉम्प्लेक्स में पुलिस कर्मी तैनात हैं। उन्होंने घटना की संवेदनशील प्रकृति का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।













