समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के खिलाफ है और उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने के बाद भी उसका रुख नहीं बदलेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार सपा नेता मोहम्मद आजम खान के साथ जानबूझकर “अन्याय” कर रही है, ताकि अल्पसंख्यक समुदाय को संदेश दिया जा सके।
लखनऊ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अखिलेश ने कहा, “समाजवादी पार्टी ईवीएम के खिलाफ है। मैंने पहले भी कहा है कि भले ही समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीत जाए, तब भी वह ईवीएम के खिलाफ है।”
आजम खान से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सपा के वरिष्ठ नेता के साथ लगातार अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बना रही है, ताकि एक संदेश दिया जा सके।













