राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट मार्च में शामिल होने वाले सभी लोगों शुक्रिया अदा किया है। एक्स पर वीडियो पोस्ट कर राहुल गांधी ने कहा कि आज के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से इस आंदोलन को समर्थन दिया। इंडिया गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं का भी बहुत-बहुत धन्यवाद।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि हमें सरकार को यह दिखाना था कि भारत की जनता डरने वाली नहीं है। आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं सोच रहा था कि आरएसएस के वो कायर लोग कहां थे, जो परसों हमारे युवा साथियों को पीट रहे थे? कहां थे वो लोग? आज तो मुझे उनमें से कोई दिखाई नहीं दिया। जब हम वहां खड़े हैं, जब देश की जनता वहां खड़ी है, तो तुम बाहर क्यों नहीं आते? अपनी छोटी-छोटी गमछियां पहनकर क्यों नहीं बाहर आते हो और देखते हो कि क्या होता है?













