लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को पीएम मोदी और अमित शाह पर जोरदार हमला बोलते हुए चीन के अतिक्रमण का जिक्र किया और कहा कि मोदी सरकार ने देश को हर तरफ से तबाह कर दिया है। इनका पूरा फोकस अपना पॉलिटिकल स्ट्रक्चर मजबूत करने और अडानी से पैसा लेने पर है।
राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली के मावलंकर हॉल में रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए चीन के मुद्दे पर भी पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चीन ने भारत को अपनी ही जमीन पर पैट्रोलिंग करने से मना कर दिया, लेकिन सरकार ने इस खबर को दबाने का प्रयास किया और सीधे तौर पर देश का नुकसान किया।
राहुल गांधी ने कहा कि गलवान के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत की एक इंच भी जमीन किसी के कब्जे में नहीं है, जबकि सेना ने जमीन के कब्जे की बात कही। इस मुद्दे पर जब सेना ने चीन से बातचीत की तो उनकी तरफ से कहा गया कि भारत के प्रधानमंत्री ही इस बात से इनकार कर चुके हैं। यानी- मोदी सरकार ने देश को हर तरफ से तबाह कर दिया है। इनका पूरा फोकस अपना पॉलिटिकल स्ट्रक्चर मजबूत करने और अडानी से पैसा लेने पर है।
राहुल गांधी ने कहा कि आजकल नरेंद्र मोदी रात में सोते नहीं हैं। इसके कई कारण हैं- कुछ तो जाहिर हैं, कुछ छिपे हुए हैं। अमित शाह को चाणक्य, सरदार पटेल, तड़ीपार और न जाने क्या-क्या कहा जाता था, लेकिन वो गायब हो गए, वो भाग गए और 20 दिन तक संसद में नहीं आ पाए। क्यों, क्योंकि पहली बार वे भारत की अभिव्यक्ति से डर रहे हैं। इस सरकार को समझ आ गया है कि ये देश अपने आपको अभिव्यक्त करने से नहीं रोकेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी इस्तीफा नहीं देते और अमित शाह अपना पद नहीं छोड़ देते, तब तक दोनों को सोने नहीं देंगे। हम इन्हें जगाकर रखेंगे। हम इनको पागल कर देंगे । आखिर में वे हार मानकर खुद ही हाथ जोड़ कर बोलेंगे कि माफ करो, गलती हो गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों की आजादी छीनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत को किसी एक तय व्यवस्था में ढालने के बजाय देश के लोगों को अपनी बात कहने और अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।












