समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर मनमाने ढंग से काम करने, कानूनों के दुरुपयोग और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाने का रविवार को आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के शासन में लोगों को सवाल उठाने की आजादी नहीं है।
यादव ने लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की गुंडा कानून लागू किए जाने को लेकर की गई टिप्पणियों का जिक्र किया और उन्हें ‘‘बेहद गंभीर’’ बताया।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश में गुंडा अधिनियम के गलत इस्तेमाल पर कड़ी टिप्पणी करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह कानून बेगुनाह लोगों को परेशान करने का जरिया नहीं बनना चाहिए। पीठ ने यह टिप्पणी जाहिद अली को ‘गुंडा’ घोषित करने और छह महीने के लिए जिला बदर करने के गोंडा के जिलाधिकारी के आदेश को रद्द करते हुए की।













