दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने देशव्यापी ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की घोषणा की है। सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके ने 15 अगस्त से इस अभियान को शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने माता-पिता से बुनियादी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से ग्रामीण स्कूलों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी लेने की अपील की है।
एक वीडियो मैसेज में दीपके ने कहा कि वह महाराष्ट्र के अपने गांव हिंगोली से इस पहल की शुरुआत करेंगे। इसके लिए वह गांव के मुखिया से मिलकर वहां के सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने का अनुरोध करेंगे। दीपके ने कहा कि आने वाला 15 अगस्त हमारा 80वां स्वतंत्रता दिवस है। लेकिन, अगर पिछले 80 सालों में किसी चीज को सबसे ज्यादा नजरअंदाज किया गया है, तो वह हमारे गांवों के सरकारी स्कूल हैं।













