असम में बाढ़ की स्थिति मंगलवार को पहले की तुलना में सुधरती नजर आई, लेकिन इस साल बाढ़ से अब तक मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 87 हो गई है। वहीं, राज्य के 25 जिलों में 11.45 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि राहत कार्यों के साथ-साथ अब प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास अभियान भी तेज कर दिया गया है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, 29 अप्रैल से 3 अगस्त के बीच राज्य के 25 जिलों में कुल 11,45,109 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए। इस दौरान 77 राजस्व सर्किल और 2,281 गांव बाढ़ की चपेट में आए। बाढ़ से अब तक कुल 87 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक 47 मौतें शिवसागर जिले में दर्ज की गई हैं। इसके अलावा चराइदेव में 21, जोरहाट में 9, धेमाजी और गोलाघाट में तीन-तीन, कार्बी आंगलोंग में दो तथा सोनितपुर और कामरूप में एक-एक व्यक्ति की जान गई है।










