असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के मौके पर सोनापुर स्थित जुबीन क्षेत्र में सैकड़ों फैंस, परिवार के सदस्य और कलाकार इकट्ठा हुए। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित यह अस्थायी स्मारक स्थल जहां गायक का अंतिम संस्कार किया था, वहां फैंस ने जुबीन गर्ग के गाने गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
तीन दिवसीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम गुरुवार सुबह प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके बाद दोपहर में ‘नाम-प्रसंग’ का कार्यक्रम रखा गया है। दूसरे दिन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जबकि आखिरी दिन भागवत पाठ और असम की पारंपरिक वैष्णव नाट्य प्रस्तुति भाओना का आयोजन होगा, जिसके माध्यम से कलाकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को दर्शाएंगे।
आयोजकों ने प्रशंसकों और आने वाले लोगों से अपील की है कि वे पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखें और शांति से हिस्सा लें। यह अपील इसलिए की गई है, क्योंकि असम की सांस्कृतिक पहचान में कलाकार के योगदान को याद करने के लिए जुबीन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।













