मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल ने शनिवार को ऐलान किया कि वह 15 सितंबर को मुंबई मार्च शुरू करेंगे और 19 सितंबर से मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। जरांगे ने मुख्यमंत्री और पुलिस से उन्हें नहीं रोकने की अपील भी की। जरांगे ने कहा कि अगर प्रदर्शनकारियों को रोका जाता है तो ऐसी कार्रवाई की जिम्मेदारी फडणवीस की होगी। यह आंदोलन 14 से 25 सितंबर तक मनाए जाने वाले गणपति उत्सव के बीच शुरू होगा।
अंतरवाली सराटी गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए जरांगे पाटिल ने मार्च के रूट की पूरी जानकारी दी। जरांगे ने कहा कि यह मार्च मराठा समुदाय के गौरव और अस्तित्व का प्रतीक है। उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले इलाकों के समर्थकों से अपील की कि अगर वे मुंबई तक नहीं जा सकते तो भी बाहर निकलकर अपना आशीर्वाद दें। उन्होंने समुदाय के लोगों से यह भी कहा कि वे तय तारीखों पर अपना काम-काज रोककर आंदोलन में शामिल हों।













