मॉनसून की सक्रियता के बीच आज देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा है, जबकि उत्तर और पूर्वी राज्यों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। कुछ राज्यों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके असर से 6 सितंबर को पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी है। उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ का खतरा ज्यादा बना हुआ है।













