कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए चुनौती भी दे डाली। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी की नई सोशल मीडिया टीम के लिए लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है और वे हारने के लिए तैयार रहें।
सुप्रिया श्रीनेत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नई टीम को शुभकामनाएं, आपकी लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है। हारने के लिए तैयार रहें। हम आपकी हर हरकत पर नजर बनाए हुए हैं, आपको करारा जवाब देने, आपके झूठ का पर्दाफाश करने और लोगों के हक की बात करने!
उन्होंने बीजेपी के पूर्व सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय को बेहद नाकारा सोशल मीडिया प्रमुख बताते हुए उन पर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया। श्रीनेत ने कहा, ‘‘बीजेपी की फेक न्यूज फैक्ट्री के एक सरगना अमित मालवीय की विदाई आज हो ही गई। बेहद नाकारा सोशल मीडिया हेड थे- जिन्होंने फर्जी खबरें चला कर गंध फैलाई। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लगातार इनके फेक नैरेटिव को रौंदा, सच कहा, इनके झूठ का पर्दाफाश किया- जिसका नतीजा है युवा हमसे जुड़ते गए और आज सारे प्लेटफॉर्म्स पर कांग्रेस इंगेजमेंट और पहुंच दोनों में बीजेपी से मीलों आगे है।













