लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। राहुल का यह पत्र रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन से जुड़ा है। राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन से छात्रों की मांग पर गौर करने और सही कदम उठाने की गुजारिश की है। राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को भेजे पत्र में लिखा, “कांग्रेस पार्टी का मानना है कि भारत के संविधान में दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। इसलिए, हमने पिछले कुछ महीनों में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है।
राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन से कहा, “आप जानते हैं, झारखंड में छात्र राज्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ भी विरोध कर रहे हैं। उनका विरोध शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगें जायज हैं। मैं इस बात की सराहना करता हूं कि झारखंड सरकार ने आपके द्वारा बनाई गई एक कमेटी के जरिए उनसे (छात्रों) बातचीत शुरू की है।













