उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में अनदेखी का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पहुंच गए और घेराव का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हंगामे के बाद पुलिस ने कई अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया और बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग पिछड़ा वर्ग के 6,800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की है, लेकिन सरकार की वर्तमान प्रक्रिया के तहत केवल करीब 3,300 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिलने की संभावना है। उन्होंने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।












