कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सोमवार को केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह शिक्षा नीति की कमियों पर चर्चा करने से कतरा रही है। संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने उन छात्रों के खिलाफ कथित तौर पर बल प्रयोग और आंसू गैस के इस्तेमाल की निंदा की, जो राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं और शिक्षा नीति में गड़बड़ियों के खिलाफ संसद के पास विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे।
प्रियंका गांधी ने कहा, “आप उन्हें पीट रहे हैं और उन पर आंसू गैस छोड़ रहे हैं। ऐसा क्यों किया जा रहा है? आखिरकार, वे हमारे बच्चे हैं।”उन्होंने कहा, “वे देश का भविष्य हैं। यह संसद उनकी है। यह किसी की निजी संपत्ति नहीं है। हम सभी यह मुद्दा उठाते रहे हैं और कहते रहे हैं कि शिक्षा नीति में वास्तविक समस्याएं हैं, और राहुल गांधी लंबे समय से यह मुद्दा उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हम सभी चर्चा करने का अनुरोध करते रहे हैं। शिक्षा नीति में बड़ी समस्याएं और मुद्दे हैं, लेकिन आप कोई चर्चा करने को तैयार नहीं हैं और दूसरी ओर, आप बच्चों को पीट रहे हैं।”
सोमवार को दिल्ली में संसद मार्ग पर तनाव का माहौल था, जब कॉकरोच जनता पार्टी और उसके समर्थकों ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सरकार से जवाबदेही की मांग करते हुए ‘संसद चलो’ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।













