समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की नदियों की बदहाल स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार की भ्रष्ट नीतियों और लापरवाही के कारण गोमती, गंगा, यमुना समेत प्रदेश की अधिकांश नदियां प्रदूषण और अव्यवस्था की शिकार हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार ने नदियों की सफाई और उनके निर्बाध प्रवाह के लिए मॉडल पेश किया था, जिसे बीजेपी सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने मां गंगा की सफाई के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए, हजारों करोड़ रुपए खर्च होने की बातें कहीं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में विकास कार्यों की बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। नदियों की सफाई के लिए आवंटित बजट खर्च हो गया, लेकिन नदियों की दशा नहीं सुधरी। सरकार के दावे और जमीनी सच्चाई में बड़ा अंतर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार को सत्ता से हटाकर भ्रष्टाचार का अंत करेगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में नदियों की सफाई और पुनर्जीवन का नया अभियान शुरू किया जाएगा। गोमती रिवर फ्रंट मॉडल के आधार पर अन्य नदियों की भी सफाई कर उन्हें प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और बेहतर पर्यावरण मिल सके।












