दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार को आग लगने के बाद जब चारों ओर धुआं और लपटें फैल गईं तथा मदद की चीख-पुकार सुनाई देने लगी, तब सामने दुकान चलाने वाले एक गद्दा कारोबारी ने पल भर में फैसला लेते हुए करीब दो लाख रुपये मूल्य के अपने गद्दे बिछा दिये, जिससे कई लोगों की जान बच सकी।
होटल में आग लगने की सूचना मिलते ही रियाजुद्दीन मंसूरी अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने होटल के बाहर जमीन पर दर्जनों रजाइयां और गद्दे बिछाकर एक अस्थायी सुरक्षा कवच तैयार किया। इससे इमारत में फंसे लोगों को कूदकर सुरक्षित बाहर निकलने में मदद मिली।
रियाजुद्दीन ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले गद्दे और रजाइयां बिछाईं। उन्होंने दावा किया कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य के दौरान उन्हें और उनके बेटे को भी चोटें आईं।
मालवीय नगर के घनी आबादी वाले हौज रानी क्षेत्र स्थित ‘फ्लरिश स्टे’ होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 विदेशी नागरिक शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, घायल हुए 35 लोगों में से 19 का दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह होटल मुख्य रूप से पास स्थित मैक्स अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के ठहरने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने पर कई लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर मदद की गुहार लगा रहे थे।










