बिहार के पटना में खान सर कोचिंग सेंटर पर मंगलवार (2 जून) को अंधाधुंध फायरिंग की खबर सामने आई। ये घटना ऐसे समय पर हुई जब सोशल मीडिया पर न्यूज एंकर द्वारा ऑनलाइन शिक्षकों को “दो कौड़ी का” बताने वाले बयान पर खान सर ने सख्त टिप्पणी की है।
टीचरों को लेकर न्यूज एंकर और खान सर जैसे टीचरों के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बीच पटना में खान सर सेंटर पर करीब 10-12 राउंड गोलियां चलाई गई हैं। इस वारदात के बाद कोचिंग सेंटर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गोलीबारी की घटना पर खान सर का बयान भी आया है। उन्होंने कहा कि फायरिंग के समय मैं वहीं मौजूद था। मैंने खुद 8 से 10 राउंड गोलियां चलते देखीं। इस घटना में सुरक्षा गार्ड घायल हो गया।
खान सर ने कहा कि दूसरे कोचिंग वाले चाहते हैं कि मैं इतनी कम फीस में न पढ़ाऊं। इसी बात से समस्या है उन्हें। साथ में उन्होंने ये भी जोड़ा कि मेरे कोचिंग से इतने ज्यादा रिजल्ट क्यों आते हैं।
खान सर ने आगे कहा कि बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट आया था, हजारों लोग क्वालिफाई हुए, हम थक गए थे, फिर कुछ एंटी-सोशल एलिमेंट्स आए, हमें धमकाने लगे, गार्ड्स को पीटा, वो कोचिंग वालों को लगते हैं। उन्हें कम फीस से परेशानी है।’ घटना पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके की बताई जा रही है, जहां खान सर का कोचिंग संस्थान स्थित है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खान सर और एक प्रतिद्वंदी कोचिंग संस्थान के संचालक के बीच वर्चस्व को लेकर चल रहे विवाद के बीच यह फायरिंग हुई है। बताया जा रहा है कि कोचिंग संचालक खान सर और ज्ञान बिंदु के बीच पुराना विवाद रहा है।












