अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के करीब गोलीबारी हुई है। गोलीबारी के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे। जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर मारा गया है।
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। घटना उस समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी करने वाला संदिग्ध हमलावर यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर जांच कर रही है।













