प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को आम आदमी पार्टी नेता दीपक सिंगला को 155 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े बैंक फ्रॉड केस में की गई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले के तार पहले से गिरफ्तार पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सबूत जुटाने और वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए ED ने देशभर में छापेमारी अभियान चलाया।
सूत्रों के अनुसार, ED की टीम ने सोमवार सुबह गोवा और दिल्ली में दीपक सिंगला, महेश सिंगला, अमरिक गिल और अन्य से जुड़े कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य सबूतों के आधार पर दीपक सिंगला को हिरासत में लिया गया।
ED का कहना है कि महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े लोगों पर बैंकों के साथ कथित धोखाधड़ी कर लगभग 155 करोड़ रुपये की राशि हड़पने का आरोप है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर गबन की गई रकम किन खातों और व्यक्तियों तक पहुंचाई गई।













