देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 मई को उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का भी खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी वजह से कई राज्यों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्यों के कई जिलों में भी बारिश और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है।












