नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। मृतकों में सबसे ज्यादा बिहार के 9 लोग और दिल्ली के 8 लोग शामिल हैं। मरने वालों में 14 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सरकार ने मुआवजे का ऐलान कर दिया गया है। सरकार मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देगी। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख का मुआवजा और मामूली रूप से घायल लोगों को 1 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर शनिवार देर रात उस समय भगदड़ मच गई जब कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद रेलवे ने चार विशेष ट्रेनों की व्यवस्था कर प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
रेलवे ने बताया कि घटना रात 9.30 बजे के आसपास की है। दोनों प्लेटफॉर्म पर भीड़ काफी अधिक थी, जिस कारण कुछ लोग बेहोश हो गए। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
एक यात्री अमरिंदर कुमार ने बताया, “महाकुंभ में जाने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा थी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उनकी भीड़ लग गई। अधिक भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने बहुत प्रयास किया, जिसके बाद भीड़ हट गई।