नई दिल्ली:उत्तर पश्चिम भारत में शुक्रवार को भीषण गर्मी का कहर रहा और राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे यह देश का सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं, राजस्थान में 19, हरियाणा में 18, दिल्ली में 8 और पंजाब में दो स्थानों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में उष्ण लहर जारी रहने की आशंका है। उष्ण लहर की स्थिति तब मानी जाती है जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होता है।यदि पारा सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक हो तो भीषण उष्ण लहर की स्थिति घोषित की जाती है।
शुक्रवार को नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा के सिरसा में 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शाम 7:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, नजफगढ़ देश का सबसे गर्म स्थान था। दिल्ली में मुंगेशपुर में पारा 46.5 डिग्री, आयानगर में 46.2 डिग्री, पूसा और जाफरपुर में 45.9 डिग्री, पीतमपुरा में 45.8 डिग्री और पालम में 45.1 डिग्री रहा।