नई दिल्ली:जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे सरदार निशान सिंह ने सैकड़ों पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके साथ हांसी से 3 बार विधायक रहे स्व. अमीरचंद मक्कड़ के पौत्र और जेजेपी के प्रत्याशी रहे राहुल मक्कड़, जेजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे सुरेंद्र लैगा, प्रदेश महासचिव रहे रमेश गोदारा और शाहबाद से जजेपी के विधायक रामकरण काला के दो बेटों ने भी कांग्रेस का दमन थामा।एक तरफ जब हरियाणा में सियासी तापमान गर्म हो रहा है, ऐसे वक्त में चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और राज्य सभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में इतनी बड़ी तादाद में हुई कांग्रेस में ज्वाइनिंग में एक संदेश छिपा है। कांग्रेस का दामन थामने वाले पूर्व विधायक रघु यादव के बेटे सृजन यादव और शाहबाद से जेजेपी विधायक रामकरण काला के दोनों बेटों कंवरपाल (जिला पार्षद) और सुकरम पाल (पूर्व पार्षद) ने भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही सैकड़ों सरपंचों, पूर्व सरपंचों, पार्षदों, पूर्व पार्षदों, ब्लॉक समिति सदस्यों, रिटायर्ड कर्मचारियों ने भी कांग्रेस ज्वाइन की। जॉइनिंग करने वाले नेताओं की तादाद और कार्यकर्ताओं का उत्साह इतना ज्यादा था कि कांग्रेस कार्यालय में नेताओं को पहनाने के लिए पटके कम पड़ गए। पहले शाहबाद से विधायक रामकरण काला के भी कांग्रेस ज्वाइन करने की चर्चा थी। इस मौके पर पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल भी खासतौर पर मौजूद रहीं।
हुड्डा ने कहा कि पार्टी के प्रति लगातार जनता का रुझान और समर्थन बढ़ता जा रहा है। रोज नए साथी कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। यह इस बात की गारंटी है कि हरियाणा में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी। लेकिन इससे पहले लोकसभा के चुनाव हैं और सभी कांग्रेसजनों को देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने के लिए पुरजोर तरीके से जमीनी स्तर पर मेहनत करनी होगी। हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर कांग्रेसजन देश व प्रदेश में नई सरकार की नींव रखेंगे।