रांची:झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (जेएसएससी) पेपर लीक मामले में रांची पुलिस की एसआईटी ने झारखंड विधानसभा के अवर सचिव मो. शमीम और उनके दो पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, कई नामों वाले ब्लैंक चेक और कुछ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। कुछ लोगों को पटना और चेन्नई से हिरासत में लिया गया है। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने तीन लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की ओर से 28 जनवरी को आयोजित कंबाइंड ग्रैजुएट लेवल एग्जाम (एसएससी-सीजीएल) की परीक्षा का पेपर लीक हो गया था। इसके बाद कमीशन ने पहले थर्ड पेपर यानी सामान्य ज्ञान की परीक्षा रद्द कर दी थी। अभ्यर्थियों के हंगामे के बाद आयोग को तीनों पत्रों की परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। एसएससी-सीजीएल की इस परीक्षा के जरिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 2025 पदों पर नियुक्ति की जानी थी। इसके लिए साढ़े छह लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।