मुंबई:INDIA गठबंधन की मुंबई में गुरुवार से शुरु हुई दो दिवसीय बैठक का पहला दिन जरूरी मुद्दों पर मंथन और संसद का विशेष सत्र बुलाने के बाद की स्थिति पर चर्चा के बीच खत्म हुआ। बीते महीनों में तीसरी बार जमा हुए विपक्षी दलों ने मोटे तौर पर तय किया है कि सभी दलों के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा जल्द से जल्द तय होना चाहिए। मुंबई में शुरु हुई बैठक में 28 दलों के 63 नेताओं ने हिस्सा लिया।
इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर दिन भर मुंबई में काफी गहमागहमी रही। तमाम नेताओं का आना दिन भर लगा रहा। पहले दिन की बैठक के मेजबान शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि बैठक में हुए फैसलों के बारे में शुक्रवार को दोपहर बाद होने वाली प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी जाएगी।
गुरुवार को मुंबई के ग्रांड हयात होटल में शाम 6 बजे सभी विपक्षी दलों के बीच अनौपचारिक बैठक हुई। जिसके बाद उसी होटल में उद्धव ठाकरे की तरफ से सभी नेताओं के लिए डिनर का इंतजाम किया गया था।
गठबंधन की मुख्य बैठक शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे शुरु होगी। जिसमें औपचारिक तौर पर गठबंधन के संयोजक, विभिन्न समितियों के गठन, सीटों के बंटवारे और अन्य जरूरी मुद्दों पर गहन मंथन होगा। इस बैठक में सबसे पहले INDIA गठबंधन में शामिल नेताओं का फोटो सेशन होगा और फिर गठबंधन का लोगो जारी किया जाएगा। इसके बाद अगले करीब 4 घंटे तक गहन मंथन होगा। यह मंथन दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
इसके बाद लंच ब्रेक होगा। लंच की मेजबानी महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी और मुंबई रीजनल कांग्रेस कमेटी द्वारा किया गया है। इसके बाद अनौपचारिक बातचीत के बाद करीब 3.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस होगी, जिसमें संभावना है कि बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।