शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना के संपादकीय में महाराष्ट्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और गृह विभाग पर तीखा हमला किया गया है। संपादकीय में कहा गया है कि पुणे जिसे कभी राज्य की सांस्कृतिक नगरी और विद्यानगरी कहा जाता था, वह अब वह आतंक का गवाह बन रहा है। हालात ऐसे हैं कि पुणे का नाम बदलकर ‘कोयता नगरी’ कर देना ही उचित होगा।
संपादकीय में कहा गया है कि सुसंस्कृत माना जाने वाला पुणे शहर अब रोजाना गैंगवार की घटनाओं का गवाह बन रहा है। लोगों में भय का माहौल है और गृह विभाग सुस्त और मस्त अवस्था में पड़ा हुआ है।
सामना में बुधवार को पुणे के शिवाजीनगर न्यायालय परिसर की घटना का जिक्र किया है। संपादकीय के अनुसार, गुंडे बंदूकें और कोयते लेकर कोर्ट परिसर में घुस गए और एक युवक पर गोली चलाई। इसके बाद उस पर कोयते से ताबड़तोड़ वार किए और फिर फरार हो गए।
संपादकीय में सवाल उठाया गया है कि जब यह सब दिनदहाड़े हो रहा है, तो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस की कार्यक्षमता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
शिवसेना यूबीटी ने संपादकीय में कहा है कि पुणे शहर में कोयतेबाजी का आतंक फैला हुआ है, तो पुणे का ग्रामीण इलाका भला कैसे पीछे रह सकता है। गुरुवार को एक और खबर आई। दौंड तालुका के लडकतवाड़ी में जयश्री रासकर नामक आंगनबाड़ी शिक्षिका पर ‘कोयता गैंग’ ने जानलेवा हमला किया।
सामना के अनुसार, पुणे में अब कोयता गैंग का ही राज चल रहा है और पुलिस की कमर पर लगी बंदूक महज शोभा की वस्तु बनकर रह गई है।












