एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मंगलवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि वरिष्ठ नेता शरद पवार सक्रिय राजनीति से संन्यास ले सकते हैं और उनका गुट बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल हो सकता है।
सुप्रिया ने शरद पवार के राजनीतिक भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर नाराजगी जताई और उनके संन्यास लेने की चर्चा को ‘बेतुका’ करार दिया। सुप्रिया सुले ने कहा, “शरद पवार संन्यास नहीं लेंगे। कौन संन्यास लेगा, यह जनता तय करेगी। शरद पवार का राज्यसभा में अभी 5 साल का कार्यकाल बाकी है, तो वे संन्यास कैसे ले सकते हैं?
संजय राउत ने भी इन रिपोर्टों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि शरद पवार का छह दशक लंबा राजनीतिक करियर कट्टरपंथी ताकतों से लड़ने और समाज सुधारकों के आदर्शों को बनाए रखने के इर्द-गिर्द रहा है। राउत ने कहा कि सत्ता में आने के लिए जो लोग फुले-शाहू-अंबेडकर की विचारधारा को दरकिनार कर देंगे, वह गलत होगा। उन्हें नहीं लगता कि पवार ऐसा कोई कदम उठाएंगे।
अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए राउत ने उन सुझावों की आलोचना की, जिनमें कहा गया था कि पार्टी में विभाजन के बाद पवार को आराम करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध इसलिए है, क्योंकि वे देश को जिस तरह से चला रहे हैं, वह सही नहीं है।












