दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शनिवार सुबह भी राजधानी और आसपास के शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी तक पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शनिवार सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 348 दर्ज किया गया। हालांकि, शुक्रवार सुबह के 403 AQI के मुकाबले इसमें गिरावट आई है, लेकिन हवा अब भी स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक बनी हुई है।
राजधानी के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा दर्ज किया गया। CPCB के सुबह 8 बजे के आंकड़ों के अनुसार, नॉर्थ कैंपस में सबसे ज्यादा 421 AQI रिकॉर्ड हुआ। वहीं, ITO में 416 और DTU में 403 दर्ज किया गया।
इसके अलावा चांदनी चौक में 391, पंजाबी बाग और विवेक विहार में 392 के आसपास, आनंद विहार में 378, जहांगीरपुरी में 383, बवाना में 388, रोहिणी में 367 और मुंडका में 361 AQI रहा।दूसरी ओर, लोधी रोड में 284 और द्वारका सेक्टर-8 में 299 AQI दर्ज किया गया। इससे साफ है कि राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर एक जैसा नहीं है।













