दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 3 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए इन शिकायतों को अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) को सौंप दिया गया है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान कथित घटनाओं को लेकर नयी दिल्ली जिला पुलिस को शिकायतें मिलीं। ये आरोप तीनों महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगाए हैं।
निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नयी दिल्ली जिला पुलिस ने शिकायतों को अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया है। अपराध शाखा अब इन आरोपों की गहन जांच करेगी और शिकायतकर्ता महिला पत्रकारों के साथ-साथ संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज करेगी।












